लखनऊ के लुलु मॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वीआईपी कार पार्किंग में गोली चलने की सूचना सामने आई। इस फायरिंग की घटना में मॉल के अंदर काम करने वाले तनिष्क शुक्ला गोली लगने से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, फायरिंग लुलु मॉल की वीआईपी कार पार्किंग में हुई, जिसमें तनिष्क शुक्ला के दाहिने जांघ में गोली लगी।
घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। यह मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है।फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद मॉल में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।

.jpeg)
