बांग्लादेश की राजनीति से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया। इंकलाब मोंचो के राष्ट्रीय प्रवक्ता और इस्लामिक युवा नेता शरीफ उस्मान हाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। घटना उस समय हुई जब वह जुम्मे की नमाज़ अदा कर लौट रहे थे। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने रिक्शे से जा रहे शरीफ उस्मान पर बेहद नजदीक से गोलियां चलाईं। हमले में एक से अधिक गोलियां उनके सिर में फंसी होने की बात कही जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
घायल अवस्था में शरीफ उस्मान को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें सीपीआर देकर रिवाइव किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके जबड़े से एक गोली निकाल ली गई है, लेकिन सिर में फंसी गोली के कारण उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।शरीफ उस्मान हाड़ी हाल के महीनों में अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं। वह शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए जुलाई आंदोलन में अपनी भूमिका को लेकर भी सुर्खियों में थे। सरकार गिरने के बाद उनके भारत और हिंदुओं को लेकर दिए गए बयानों तथा सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी विवाद सामने आते रहे हैं। इसके अलावा, फरवरी में प्रस्तावित आम चुनावों के मद्देनजर उन्होंने ढाका के विजयनगर क्षेत्र से चुनाव लड़ने की दावेदारी भी पेश की थी।
इस घटना के बाद ढाका विश्वविद्यालय और अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बड़ी संख्या में समर्थक और लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस हमले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे क्षेत्रीय साजिश से जोड़ने की कोशिश की है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।बांग्लादेश पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि शरीफ उस्मान पहले भी कथित रूप से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके थे।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शरीफ उस्मान की हालत में कितना सुधार होगा, लेकिन इस हमले ने चुनाव से पहले बांग्लादेश की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

.jpeg)
