जोन–2 की समीक्षा बैठक में लंबित मानचित्र निस्तारण व अवैध निर्माण पर सख्ती के निर्देश

वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर बुधवार को प्राधिकरण कक्ष में जोन–2 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने की। समीक्षा बैठक के दौरान लंबित शमन मानचित्रों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।बैठक में बताया गया कि जोन–2 के अंतर्गत सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा एवं विन्यास वार्डों में 15 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 के बीच शमन शुल्क के मद में कुल 2 लाख 76 हजार 440 रुपये जमा कराए गए हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025–26 में अप्रैल माह से अब तक कुल 5 करोड़ 19 लाख 65 हजार 465 रुपये शमन शुल्क के रूप में जमा कराया जा चुका है।

अपर सचिव ने स्वीकृत शमन पत्रावलियों के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन एवं विधिक कार्रवाई करने के निर्देश जोनल अधिकारी को दिए। साथ ही सील प्रकरणों की जांच कर बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया।बैठक में जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। अपर सचिव ने निर्देशित किया कि सभी जन शिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके अलावा शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लॉटिंग का चिन्हांकन कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई एवं ध्वस्तीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए कार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक में जोन–2 के जोनल अधिकारी श्री प्रकाश कुमार, अवर अभियंता श्रीमती वर्तिका दुबे, भवन लिपिक श्री विनोद कुमार यादव, पियूष कुमार सहित समस्त फील्ड कार्मिक उपस्थित रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post