नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। गृहकर और जलकर के साथ-साथ अब निगम दुकानों के बकाया किराये की वसूली पर भी कड़ा रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम ने विशेश्वरगंज क्षेत्र में स्थित पांच दुकानों को सील कर दिया, जिससे पूरे बाजार परिसर में हड़कंप मच गया।नगर निगम द्वारा पूर्व में करीब 600 दुकानदारों को बकाया किराया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई दुकानदारों ने किराया जमा नहीं किया। किराया भुगतान में लगातार हीलाहवाली को देखते हुए निगम ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि दुकानदारों को कई बार समय से किराया जमा करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन चेतावनी के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। ऐसे में अब नियमों के तहत सख्त कदम उठाया गया है।नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने विशेश्वरगंज में दुकान संख्या 4 व 5, 22 व 23 तथा दुकान संख्या 113 (अ) को सील किया। इन दुकानों पर 35 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया है।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों का आवंटन निरस्त किया जा सकता है। निगम की इस कार्रवाई से अन्य बकायेदार दुकानदारों में भी हलचल देखी जा रही है।


