शासन ने बुधवार देर रात बड़े स्तर पर पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए 11 जिलों के पुलिस कप्तानों सहित कुल 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी टी. सर्वानन को अमेठी का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।2019 बैच के आईपीएस अधिकारी टी. सर्वानन के लिए अमेठी पहला जिला होगा, जहां वे पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इससे पूर्व वे वाराणसी सहित प्रदेश के कई प्रमुख महानगरों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।तबादलों में वरिष्ठ अधिकारियों के भी दायित्व बदले गए हैं। एडीजी जोन लखनऊ सुजीत पांडेय को डीजी फायर सर्विसेज बनाया गया है, जबकि अयोध्या के आईजी रेंज प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन का एडीजी नियुक्त किया गया है।
जिलों में हुए फेरबदल के तहत गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नैय्यर को गाजियाबाद कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है। खीरी के एसपी संकल्प शर्मा और मेरठ के एसएसपी विपिन टाडा को कानपुर कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव को एटीएस भेजा गया है, जबकि सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी को तकनीकी सेवा शाखा मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है।इसके अलावा पीटीएस मुरादाबाद में तैनात डीआईजी प्रताप गोपेंद्र को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। पीएसी वाहिनी मुरादाबाद में तैनात ख्याति गर्ग को खीरी का एसपी बनाया गया है।
रायबरेली के एसपी यशवीर सिंह को बस्ती, बस्ती के एसपी अभिनंदन को सहारनपुर का एसएसपी और जौनपुर के एसपी डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का एसएसपी नियुक्त किया गया है।गाजियाबाद में पीएसी में तैनात चारू निगम को सुल्तानपुर का एसपी, विशेष सुरक्षा बल में तैनात अविनाश पांडेय को मेरठ का एसएसपी, सीतापुर पीएसी में तैनात रवि कुमार को रायबरेली का एसपी तथा आगरा में एसपी एलआईयू के पद पर तैनात सुकीर्ति माधव को पीलीभीत का एसपी बनाया गया है।

.jpeg)
