वाराणसी:- उत्तर प्रदेश एसटीएफ और कुख्यात सुपारी किलर बनारसी यादव के बीच मंगलवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर हुई, जिसमें एक लाख रुपये का इनामी अपराधी बनारसी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी बनारसी यादव क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी की, इसी दौरान खुद को घिरता देख बनारसी यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की ओर से की गई फायरिंग में वह घायल हो गया।मौके से पुलिस ने दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि बनारसी यादव लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उसकी तलाश कई जिलों में की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि बनारसी यादव ने वाराणसी के थाना सारनाथ क्षेत्र में कुख्यात कॉलोनाइज़र महेंद्र गौतम की हत्या की थी। इस हत्याकांड के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और अवैध हथियारों से जुड़े दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।मृतक अपराधी बनारसी यादव गाजीपुर जिले के गौरहट गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पेशेवर सुपारी किलर था और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए कुख्यात था।घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस एनकाउंटर को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

.jpeg)
