धर्मशाला में भारत–दक्षिण अफ्रीका तीसरा टी-20 कल से, मौसम ने बढ़ाई ठंड

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले धर्मशाला के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है।

हालांकि शहर में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सामने नजर आने वाली धौलाधार की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर शनिवार रात और रविवार को हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसका असर मैदान पर भी दिख सकता है, जहां मैच के दौरान ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे हालात तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकते हैं।मौसम विभाग के मुताबिक, धर्मशाला में दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात के समय पारा गिरकर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

इधर, मुकाबले से पहले दोनों टीमें अभ्यास में जुटी हैं। बीसीसीआई द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, भारतीय टीम शनिवार शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक अभ्यास करेगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका टीम का नेट सेशन शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक प्रस्तावित था। सूत्रों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीकी टीम भी अभ्यास पर पूरा फोकस कर रही है।ठंडे मौसम और पहाड़ी परिस्थितियों के बीच यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां मौसम भी खेल की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post