लखनऊ एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन यात्रियों ने जोरदार हंगामा किया। दोपहर करीब 2 बजे इंडिगो एयरलाइंस के काउंटर पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। यात्रियों का आरोप था कि फ्लाइट कैंसिल होने के बावजूद उन्हें बोर्डिंग पास जारी किए जा रहे हैं।कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने घर से ऑनलाइन बोर्डिंग पास निकाल लिया था, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर डिस्प्ले बोर्ड पर सभी फ्लाइटें कैंसिल दिख रही थीं। उनका कहना है कि अगर ऑनलाइन ही फ्लाइट कैंसिल दिखा दी जाती तो उन्हें एयरपोर्ट तक आने की परेशानी नहीं होती।
यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो के काउंटर पर सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। रिफंड मांगने पर टिकट आगे बढ़ाने की सलाह दी जाती है, लेकिन नई तारीख पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। इसी अव्यवस्था को लेकर यात्रियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने काउंटर पर जमकर विरोध किया।गुरुवार को भी कई उड़ानें रद्द और लेट होने के कारण यात्रियों ने एयरलाइन पर नाराजगी जताई थी।एक दिन में 15 फ्लाइटें रद्द शुक्रवार को इंडिगो की कुल 15 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें देहरादून, अहमदाबाद, दिल्ली, चेन्नई, चंडीगढ़, पुणे और मुंबई की फ्लाइटें शामिल हैं। दोपहर 3:45 बजे देहरादून जाने वाली उड़ान 6E 515 भी रद्द कर दी गई। इसके अलावा हैदराबाद की शाम और रात की उड़ानें भी प्रभावित रहीं।लगातार बढ़ती उड़ान रद्दीकरण और सूचना प्रबंधन में कमी के चलते यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, और स्थिति शुक्रवार को भी नियंत्रण से बाहर होती दिखी।

