वाराणसी में मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह के समय कोहरे की स्थिति भी बढ़ने लगी है। बुधवार की सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और दृश्यता 700 मीटर रिकॉर्ड की गई।मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से करीब 1.4 डिग्री कम होकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, हालांकि दिन के तापमान में खास बदलाव देखने को नहीं मिला।मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने का असर आने वाले दिनों में और स्पष्ट होगा। शुक्रवार से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड बढ़ेगी और सुबह के समय घना कोहरा भी छाने की संभावना है।शहर में बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को रात और सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

