डोडा में सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद, 11 घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेना की एक गाड़ी भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।सेना के अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। रास्ते में खन्नी टॉप के पास चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिसके चलते गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

उपराज्यपाल और नेताओं ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “इस दुखद हादसे से मैं बेहद व्यथित हूं। इस कठिन समय में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।” उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।वहीं, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डोडा से आई इस दुखद खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

हाल के दिनों में दूसरा बड़ा नुकसान

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में हाल के दिनों में सुरक्षाबलों को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले 18 जनवरी को किश्तवाड़ जिले में आतंकियों की तलाश के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 8 जवान घायल हो गए थे। इनमें से हवलदार गजेंद्र सिंह ने 19 जनवरी को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।डोडा में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शहीद जवानों को पूरे देश की ओर से श्रद्धांजलि दी जा रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post