यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और ऑन-बोर्ड सेवाओं में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी (IRCTC) ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब ट्रेन स्टाफ और वेंडर की वर्दी पर QR कोड लगाया जाएगा। इस QR कोड को स्कैन कर यात्री न सिर्फ खाने-पीने की सामग्री की जानकारी ले सकेंगे, बल्कि डिजिटल माध्यम से भुगतान भी कर पाएंगे।
QR कोड से मिलेगी पूरी जानकारी
आईआरसीटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह के अनुसार, QR कोड स्कैन करने पर यात्रियों के मोबाइल पर उपलब्ध खाद्य सामग्री का मेन्यू, उसकी आधिकारिक कीमतें और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देगी। इससे अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों पर रोक लगेगी। इसके साथ ही यात्री यूपीआई, कार्ड और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से तुरंत भुगतान भी कर सकेंगे।
इन रेल जोनों से होगी शुरुआत
भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यह योजना सेंट्रल रेलवे, वेस्ट सेंट्रल रेलवे और कोंकण रेलवे के सहयोग से लागू की जा रही है। शुरुआत मुंबई से चलने वाली प्रीमियम ट्रेनों से की जाएगी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर की ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों तक विस्तार दिया जाएगा।
वर्दी और QR कोड का नया स्वरूप
वंदे भारत और राजधानी ट्रेनों में स्टाफ को नेवी ब्लू रंग की जैकेट दी जाएगी, जिस पर हेल्पलाइन नंबर भी अंकित रहेगा। अन्य ट्रेनों में कार्यरत कर्मचारियों को हल्के नीले रंग की टी-शर्ट पहननी होगी। सभी स्टाफ के लिए QR कोड युक्त आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य किया गया है। QR कोड सीधे शर्ट या यूनिफॉर्म पर लगा होगा, जिससे ट्रेन के अंदर ही जानकारी और भुगतान संभव हो सकेगा।
यात्रियों को होगा सीधा फायदा
अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से ऑन-बोर्ड खाने-पीने की सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, शिकायतें कम होंगी और डिजिटल भुगतान के कारण यात्रा अनुभव अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगा।
भविष्य की योजना
आईआरसीटीसी भविष्य में इस प्रणाली को देशभर की सभी ट्रेनों में लागू करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल ऑन-बोर्ड सेवा उपलब्ध कराना है।

.jpeg)
