चिरईगांव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विकास मौर्य को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार आरोपी रेवती रमन पाण्डेय, निवासी चिरईगांव, लगातार चौकी प्रभारी के साथ गाली-गलौज कर रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था।
आरोप है कि रेवती रमन पाण्डेय द्वारा लिटिल फ्लावर विद्यालय, संदहा के खिलाफ बार-बार झूठी शिकायतें कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पूर्व में उसी विद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत था, लेकिन आचरण खराब होने के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी रंजिश में वह फर्जी प्रार्थना पत्र देकर शिकायतें करता रहा।
जब पुलिस जांच में शिकायतें निराधार पाई गईं और रिपोर्ट दर्ज की गई, तो आरोपी ने चौकी प्रभारी को फोन, व्हाट्सएप और आईजीआरएस के माध्यम से धमकियां देनी शुरू कर दीं।इस संबंध में थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

.jpeg)
