मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का उपवास, अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना

वाराणसी में आज महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में उपवास प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।अजय राय ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलने के पीछे सरकार की मंशा गरीबों को उनका मानदेय न देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे पूरी तरह समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मनरेगा महात्मा गांधी के विचारों और दर्शन से जुड़ी योजना है और उसका नाम बदलना सीधे तौर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोका गया तथा उनके घरों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई। उन्होंने कहा कि कई प्रदेशों में ऐसी सरकारें हैं जिनके पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक के लिए पैसे नहीं हैं, ऐसे में वे मनरेगा के तहत 40 प्रतिशत योगदान कैसे दे पाएंगी।इस दौरान अजय राय ने प्रियंका गांधी के जन्मदिन को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस की “शेरनी” हैं और उनका जन्मदिन पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल सहित कई राज्यों में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़े जाएंगे।अजय राय ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस द्वारा 30 रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिसका समापन लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम के साथ होगा।कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर वाराणसी में राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आया।




Post a Comment

Previous Post Next Post