वाराणसी के टाउनहॉल मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष जी रामजी योजना के विरोध में उपवास करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने रोक लिया। हालांकि मीडिया की मौजूदगी के बाद पुलिस मौके से हट गई।इस दौरान अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन उपवास करने जा रहे थे, लेकिन उनके घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई और भाजपा सरकार उन्हें जाने से रोक रही है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा योजना का नाम “जी रामजी” गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है, जबकि असल में यह “जी ग्राम जी” है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाई और उनके नाम को हटाकर योजना का नाम बदलना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है। कांग्रेस ने इस योजना का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखा था, जिसे अब पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है।प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 2027 के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी उनकी नेता हैं और “शेरनी” हैं। उनका जन्मदिन पूरे देश में मनाया जाएगा और उन्हें पूरे देश का नेतृत्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल सहित कई राज्यों में चुनाव लड़े जाएंगे।अजय राय ने आगे बताया कि आगामी 8 फरवरी को बनारस में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में 30 रैलियां कर जनता को यह संदेश दिया जाएगा कि योजना का नाम बदलकर भाजपा सरकार महात्मा गांधी का अपमान कर रही है।


