बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को दिल्ली हाई कोर्ट से नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस चीन की एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वॉयस-जेनरेशन प्लेटफॉर्म द्वारा दायर याचिका के बाद भेजा गया है। कंपनी ने कोर्ट के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सलमान खान के पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स की सुरक्षा की गई थी।दिल्ली हाई कोर्ट ने 11 दिसंबर 2025 को सलमान खान के पर्सनैलिटी राइट्स को सुरक्षित रखने के लिए अंतरिम आदेश पारित किया था। इस आदेश के तहत सलमान खान के नाम, तस्वीर, आवाज, शक्ल-सूरत और उनकी सार्वजनिक पहचान से जुड़ी किसी भी चीज के बिना अनुमति उपयोग पर रोक लगा दी गई थी। यह प्रतिबंध डिजिटल और कमर्शियल, दोनों तरह के प्लेटफॉर्म्स पर लागू किया गया था।
यह आदेश सलमान खान की ओर से दायर याचिका पर दिया गया था। अभिनेता ने कोर्ट में शिकायत की थी कि उनकी पहचान का दुरुपयोग AI से तैयार की गई आवाजों, डीपफेक वीडियो, फर्जी विज्ञापनों और बिना अनुमति बेचे जा रहे मर्चेंडाइज के जरिए किया जा रहा है। कोर्ट ने इसे गंभीर मानते हुए उनकी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के निर्देश दिए थे।अब इस मामले में याचिका दायर करने वाली चीनी कंपनी ने दलील दी है कि यह अंतरिम आदेश उसके व्यवसायिक कामकाज को प्रभावित करेगा, क्योंकि उसका मुख्य कार्य AI तकनीक के माध्यम से वॉयस मॉडल तैयार करना है। कंपनी का कहना है कि इस आदेश से उसके प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली बाधित हो सकती है।
कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सलमान खान को नोटिस जारी किया है और चार हफ्तों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी को निर्धारित की गई है।
इन सेलेब्स ने भी लिए हैं पर्सनैलिटी राइट्स
सलमान खान से पहले अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन और करण जौहर जैसे कई बड़े सेलेब्स अपने पर्सनैलिटी राइट्स सुरक्षित करा चुके हैं। इन अधिकारों के तहत अब कोई भी व्यक्ति या कंपनी उनकी तस्वीर, आवाज या पहचान से जुड़ी किसी भी सामग्री का बिना अनुमति उपयोग नहीं कर सकती। बढ़ते AI और डीपफेक मामलों के चलते सेलेब्रिटीज़ इन अधिकारों को लेकर अधिक सतर्क हो रहे हैं।

.jpeg)
