झांसी के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डडियापुरा स्थित मां दुर्गा कॉलोनी में शाम एक युवक ने डर के चलते तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में युवक के दोनों पैरों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद परिजन उसे अपने साथ ले गए।जानकारी के अनुसार, युवक अपने दोस्त से मिलने मां दुर्गा कॉलोनी आया था, जहां उसका दोस्त किराए के मकान में रहता है। इसी दौरान वह घर के बाहर खेल रहे पड़ोसी के 10 वर्षीय बच्चे को गोद में उठाकर खिलाने लगा। बच्चा बोल और सुन नहीं पाता है। आसपास के लोगों ने अनजान युवक को बच्चे के साथ देखकर गलतफहमी में उसे बच्चा चोर समझ लिया और शोर मचा दिया।
घटना को लेकर बच्चे की मां वर्षा साहू ने बताया कि युवक पहले भी बच्चे से बातचीत कर चुका था। जब युवक ने बच्चे को गोद में उठाया, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए, जिससे युवक घबरा गया और माफी मांगने लगा।इसके बाद युवक भागकर अपने दोस्त के किराए के मकान में छिप गया और अंदर से कुंडी बंद कर ली। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही युवक तीसरी मंजिल पर चढ़ गया और मकान के पीछे की ओर छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि युवक शादी समारोह में काम करने वाली युवतियों से मिलने आया था। दुकान से लौटते समय उसने बच्चे को गोद में उठाकर प्यार किया, लेकिन लोगों को गलतफहमी हो गई और उसे बच्चा चोर समझ लिया। डर के कारण युवक ने यह खतरनाक कदम उठाया।फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी पर आरोप न लगाएं और कानून को अपने हाथ में न लें।

.jpeg)
