गाजियाबाद में ढाबे पर दो दोस्तों की चाकू गोदकर हत्या, बिल विवाद के बाद हुआ खूनी संघर्ष

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में स्थित वैष्णो ढाबे पर दो दोस्तों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि ढाबे के कर्मचारियों ने खाने के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। मृतकों की पहचान सत्यम (25) और श्रीपाल (26) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 10 बजे सत्यम और श्रीपाल अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ दो बाइकों से वैष्णो ढाबे पहुंचे थे। सभी ने वेज थाली ऑर्डर की और खाना खाया। खाने के बाद ढाबा स्टाफ ने करीब 3 हजार रुपये का बिल थमाया, जिसे लेकर युवकों ने आपत्ति जताई।

बिल को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि ढाबा मालिक ने अन्य कर्मचारियों को बुला लिया, जिसके बाद ढाबे के कर्मचारियों ने सत्यम और श्रीपाल पर चाकू से हमला कर दिया। मारपीट होता देख उनके तीनों दोस्त मौके से भाग गए।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।ढाबा मालिक धर्मेंद्र ने पुलिस पूछताछ में बताया कि विवाद गाली-गलौज को लेकर हुआ था। उसने दावा किया कि श्रीपाल ने पहले गाली दी, जिसके बाद मामला बिगड़ा और कर्मचारियों ने चाकू से हमला कर दिया।

डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और इसी दौरान विवाद हुआ, जो जानलेवा बन गया।श्रीपाल मूल रूप से बहराइच का रहने वाला था और बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। वह खोड़ा के नेहरू विहार में किराए पर रह रहा था। वहीं, सत्यम गाजियाबाद का निवासी था और उसके परिवार में मां, चार भाई और एक छोटी बहन हैं।पुलिस ने ढाबा मालिक धर्मेंद्र को हिरासत में ले लिया है, जबकि ढाबे के कर्मचारी सचिन, राजन और एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post