मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी है और आगे भी जारी रहेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कानून व राजस्व मामलों में तेजी से कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान कई फरियादी जमीन कब्जा, मारपीट और अन्य कानून एवं राजस्व से जुड़े मामलों की शिकायत लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की बात सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर इन मामलों की सुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें हीला-हवाली कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों और भूमाफिया के खिलाफ नियमित रूप से कठोरतम कार्रवाई की जाए।
गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी भरपूर आर्थिक सहायता
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज के लिए पूरी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
सीएम योगी ने बच्चों को किया दुलार
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ आए नन्हे-मुन्ने बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री का स्नेह उमड़ पड़ा। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उन्हें दुलारा-पुचकारा और चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से अभिभावक भावुक हो गए और उन्होंने आभार व्यक्त किया।

.jpeg)
