काशी साहित्य–कला उत्सव (संस्करण-4) के दूसरे दिन काशी संस्कृति की लय-ताल में सजी नजर आई। साहित्य और कला के रंगों से सराबोर इस आयोजन में जी.डी. मेमोरियल इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से शिक्षा, कला और साहित्य का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
विद्यालय के छात्रों ने काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ते हुए भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार पर आधारित प्रभावशाली नाट्य मंचन किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक और कल्पनात्मक संसार में ले जाकर भक्ति, आस्था और अधर्म पर धर्म की विजय का सशक्त संदेश दिया।नाटक में हिरण्यकश्यप की क्रूरता और भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति का सजीव चित्रण किया गया।
मुख्य पात्रों के रूप में अभिजीत तिवारी, विनोद कुमार गुप्ता एवं नरेंद्र तिवारी ने अपने सशक्त अभिनय, भाव-भंगिमाओं और संवाद अदागी से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान विष्णु के नरसिंह रूप की अद्भुत प्रस्तुति ने विशेष रूप से दर्शकों की सराहना बटोरी।छात्रों की इस नाट्य प्रस्तुति ने न केवल पौराणिक कथा को जीवंत किया, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, साहित्य और कला से जोड़ने का सार्थक प्रयास भी किया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन को यादगार बताया।


