सीएम आवास के पास युवती को पुलिस ने रोका, हंगामा और आरोपों से मचा हड़कंप

आगरा की रहने वाली एक युवती अपनी शिकायत लेकर लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रही थी। इसी दौरान वहां तैनात पुलिस जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोक लिया गया। पुलिस के रोकते ही युवती भावुक हो गई और रोने-चिल्लाने लगी। उसने खुद को पीड़िता बताते हुए कहा कि उसे न्याय चाहिए और पुलिस उसे जबरन न ले जाए।युवती ने अपना नाम सरजू यादव बताया और आरोप लगाया कि दरोगा रोहित समेत चार उपनिरीक्षकों ने उसके साथ मारपीट और बदतमीजी की है। हंगामे की सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंचीं और सरजू यादव को गाड़ी में बैठाकर गौतमपल्ली थाने ले जाया गया। मामले की जानकारी आगरा पुलिस को दी गई, जिसके बाद आगरा से आई टीम देर रात युवती को अपने साथ आगरा ले गई।

इसका वीडियो सामने आया है, जिसके बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह वही सरजू यादव हैं, जिनका अगस्त 2025 में ट्रांस यमुना थाने में तैनात एक लेडी दरोगा के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय सरजू ने पुलिस पर थाने के अंदर मारपीट का आरोप लगाया था, जबकि पुलिस ने उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी।सरजू यादव आगरा के कालिंदी विहार क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके घर सितंबर 2024 में दिनदहाड़े चोरी हुई थी, जिसकी एफआईआर उन्होंने ट्रांस यमुना थाने में दर्ज कराई थी। सरजू का आरोप है कि पुलिस ने मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की और बाद में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई।

इसी को लेकर वह ट्रांस यमुना थाने पहुंची थीं, जहां उन्होंने थाना प्रभारी रोहित कुमार से सवाल किए। सरजू के अनुसार, थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई और सस्पेंड दरोगा राजकुमार गोस्वामी को फोन कर थाने बुला लिया। आरोप है कि दरोगा गोस्वामी ने थाना प्रभारी के सामने ही सरजू को बदतमीज बताते हुए शिकायतें करने की आदत का आरोप लगाया।सरजू यादव का कहना है कि उन्होंने थाने के अंदर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था। जब पुलिसकर्मियों को इसका पता चला तो उन्होंने जबरन मोबाइल छीनने की कोशिश की, उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया और मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जबरन थाने में बैठाए रखा गया। इस घटना से जुड़े तीन वीडियो भी सामने आए थे, जिनके वायरल होने से उस समय काफी विवाद हुआ था।अब एक बार फिर सीएम आवास के पास हंगामे और नए वीडियो सामने आने के बाद सरजू यादव के मामले ने तूल पकड़ लिया है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कह रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post