रविंद्रपुरी पार्क की बदहाली से परेशान हुए लोग, शीघ्र नवीनीकरण और सुरक्षा की मांग

शहर में पार्कों के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के दावों के बीच रविंद्रपुरी कॉलोनी स्थित रविंद्रपुरी पार्क की बदहाल स्थिति स्थानीय जनता के लिए चिंता का विषय बन गई है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा शहर के 75 पार्कों के नवीनीकरण की योजना बनाई गई है और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आधुनिक लाइटिंग, बेहतर लैंडस्केपिंग और नागरिक सुविधाओं के विकास की बातें कही जा रही हैं।

लेकिन वास्तविक स्थिति इसके ठीक उलट है। स्थानीय नागरिक मनोज कुमार चौहान ने बताया कि पार्क में लगे झूले टूट चुके हैं, नियमित सफाई नहीं होती और पार्क अब लोगों द्वारा कपड़े सुखाने और असामाजिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। रात 8 बजे के बाद पार्क में शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन होने लगता है, जिससे महिलाओं और बच्चों के लिए डर का माहौल बन जाता है।

मनोज ने यह भी कहा कि पुलिस केवल औपचारिक गश्त करती है और वास्तविक स्थिति पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क का नवीनीकरण, नियमित सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि यह पार्क फिर से आम जनता के लिए सुरक्षित और उपयोगी बन सके।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post