सोनभद्र जिले की दुद्धी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार को 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) में अंतिम सांस ली। वे करीब एक साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। दोनों किडनियां खराब होने के कारण पिछले दो महीनों से उनका इलाज SGPGI में चल रहा था।
विधायक विजय सिंह गोंड के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ PGI पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विजय सिंह गोंड हमेशा आदिवासी समाज की सेवा के लिए समर्पित रहे। उनके कार्यों और जनसेवा के कारण जनता ने उन्हें बार-बार विधानसभा में पहुंचाया।सपा नेता अवध नारायण यादव ने बताया कि विजय सिंह गोंड का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सोनभद्र जिले के दुद्धी स्थित कमहर घाट पर किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को दुद्धी की DCF कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
विजय सिंह गोंड दुद्धी विधानसभा सीट से लगातार आठ बार विधायक चुने गए थे। वे मुलायम सिंह यादव की सरकार में राज्यमंत्री भी रह चुके थे। राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्हें कांग्रेस नेता रामप्यारे पनिका के मार्गदर्शन में मिली थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपने ही गुरु को चुनाव में हराकर नया राजनीतिक इतिहास रचा।विजय सिंह गोंड के निधन से सोनभद्र जिले सहित पूरे पूर्वांचल की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके समर्थक और शुभचिंतक उन्हें एक सादगीपूर्ण, संघर्षशील और जनसेवा को समर्पित नेता के रूप में याद कर रहे हैं।

.jpeg)
