वाराणसी के यूपी कॉलेज की तीन छात्राओं का चयन नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित प्रधानमंत्री रैली में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के लिए हुआ है। यह चयन राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर के माध्यम से कड़ी एवं बहुस्तरीय प्रक्रिया के बाद किया गया।प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चयनित कैडेट्स में कैडेट नितिज्ञा मौर्य, कैडेट उन्नति पांडेय और कैडेट कुमारी सुमिरन शामिल हैं।
तीनों छात्राएं एनसीसी की 100 उत्तर प्रदेश बटालियन, छठी कंपनी से संबद्ध हैं।कैडेट नितिज्ञा मौर्य बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर, कैडेट उन्नति पांडेय बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर तथा कैडेट कुमारी सुमिरन बी.ए. छठवें सेमेस्टर की छात्रा हैं।प्राचार्य ने बताया कि चयनित कैडेट्स प्रधानमंत्री रैली के दौरान उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकनृत्य ‘चरकुला नृत्य’ की प्रस्तुति देंगी। यह नृत्य अपनी ऊर्जा, संतुलन और पारंपरिक स्वरूप के लिए जाना जाता है।
100 यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रोशन एवं प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश राय ने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राएं राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और संस्थान का नाम रोशन करेंगी।छात्राओं के चयन से कॉलेज परिसर में खुशी और गर्व का माहौल है।

.jpeg)
