उत्तर प्रदेश में ओले और बारिश के बाद मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश में ठंड और कोहरे ने दोबारा दस्तक दे दी है। गुरुवार सुबह लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़ समेत करीब 15 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में दृश्यता घटकर मात्र 10 मीटर तक रह गई, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।सुबह के समय जरूरी काम से बाहर निकले लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। जगह-जगह सड़कों के किनारे अलाव जलते दिखाई दिए। कोहरे और ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की संभावना जताई है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि दिन के समय धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह और शाम सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बनी रहेगी।मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा और ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है।
बीते 24 घंटों में अयोध्या, लखनऊ समेत प्रदेश के 9 शहरों में बारिश दर्ज की गई। बरेली के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी सूचना है। कई जिलों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम के खराब हालात को देखते हुए संभल में कक्षा 8 तक और सिद्धार्थनगर में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद कर दिए गए।प्रदेश में बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

.jpeg)
