उत्तर प्रदेश पुलिस के सम्मान में डॉ. नेहा सिंह द्वारा निर्मित, विश्व का सबसे बड़ा पुलिस प्रतीक

भारत की सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय चित्रकार एवं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. नेहा सिंह एक बार फिर देश का नाम विश्व पटल पर अंकित करने की तैयारी में हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के शौर्य, समर्पण और सेवा भावना को समर्पित करते हुए उन्होंने विश्व का सबसे बड़ा ‘पुलिस प्रतीक (Police Badge)’ तैयार किया है, जिसके साथ भारत अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के नाम दर्ज वर्तमान विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने की ओर अग्रसर है।इस भव्य पुलिस प्रतीक का आकार 3 मीटर × 2.4 मीटर है, जो वर्तमान रिकॉर्ड से लगभग दोगुना बड़ा है। उल्लेखनीय है कि अभी तक यह रिकॉर्ड रास अल खैमा पुलिस (UAE) के नाम दर्ज है, जिसका आकार 1.54 मीटर × 1.15 मीटर है।

डॉ. नेहा सिंह द्वारा निर्मित यह ऐतिहासिक कलाकृति अत्यंत जटिल और पारंपरिक ‘जरी कढ़ाई’ तकनीक से तैयार की गई है। लगभग 3.2 किलोग्राम वज़न वाले इस विशाल प्रतीक को पूर्ण करने में एक वर्ष छह महीने का समय लगा। इस महत्त्वपूर्ण परियोजना का मार्गदर्शन सात वर्ष पूर्व लखनऊ रेंज के वर्तमान IG आदरणीय किरण एस. (IPS) द्वारा दिया गया था।इस भव्य कलाकृति का औपचारिक विमोचन रविंद्र जायसवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश, तथा  मोहित अग्रवाल (IAS), पुलिस कमिश्नर वाराणसी द्वारा पुलिस लाइन, वाराणसी में किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस वाराणसी के समस्त वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. नेहा सिंह ने कहा,

“यह कलाकृति केवल एक विश्व रिकॉर्ड का प्रयास नहीं है, बल्कि हमारे पुलिस बल के त्याग, साहस और सेवा भावना के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि है। यह उत्तर प्रदेश की समृद्ध कलात्मक विरासत और खाकी के सम्मान का अद्भुत संगम है।”इस ऐतिहासिक उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आधिकारिक रूप से दर्ज कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। रिकॉर्ड स्वीकृत होने के बाद यह न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण होगा, जब उत्तर प्रदेश पुलिस के सम्मान में बना विश्व का सबसे बड़ा पुलिस प्रतीक भारत के नाम दर्ज होगा।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post