भीषण गर्मी के बीच लगातार बढ़ रही बिजली संबंधी समस्याओं को देखते हुए वार्ड संख्या 84 गोला दीनानाथ के पार्षद संजय केशरी एवं क्षेत्रीय एसडीओ भानु प्रताप कुशवाहा ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड, बार-बार बिजली आने-जाने की समस्या, जर्जर तारों के मकड़जाल तथा अन्य विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सप्तसागर, नखास, भूत भैरव समेत विभिन्न गलियों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्रीय एसडीओ भानु प्रताप कुशवाहा ने कहा कि विद्युत तारों के मकड़जाल और अन्य तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
वहीं पार्षद संजय केशरी ने कहा कि क्षेत्र की सभी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक नीलकंठ तिवारी के मार्गदर्शन में बिजली, सड़क, सीवर समेत जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण कराया जाएगा।पार्षद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार शहर में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बरसात के मौसम से पहले सीवर, सड़क और बिजली संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।इस निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उन्हें राहत मिलेगी।


