कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखे सवाल करते हुए विदेश नीति, कृषि और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। सिमकनी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में खराब मौसम के कारण राहुल गांधी व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने दिल्ली से फोन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अमेरिका के सामने पूरी तरह सरेंडर कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज भारत की विदेश नीति पर अमेरिका का प्रभाव है और वह तय करने की कोशिश कर रहा है कि भारत किस देश से तेल खरीदे और किससे नहीं।
जीएसटी की बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गलत क्रियान्वयन से देश के छोटे कारोबारों को भारी नुकसान हुआ है। अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने अल्मोड़ा की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे निराश न हों, वह जल्द ही उनके बीच पहुंचेंगे। इसके बाद उन्होंने अपना भाषण समाप्त किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का दौरा रद्द होने की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक सुमित हृदयेश समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


