न्याय की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं भाजपा नेत्री मुमताज बानो

दूसरों को न्याय दिलाने वाली भाजपा नेत्री मुमताज बानो अब अपने ही न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। रोहनिया थाना क्षेत्र की रहने वाली भाजपा नेत्री पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और अपने साथ हुई घटना को लेकर न्याय की गुहार लगाई।भाजपा नेत्री मुमताज बानो का आरोप है कि रोहनिया थाना प्रभारी उनके मामले में लापरवाही बरत रहे हैं और दोषी को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें इंसाफ चाहिए और जो भी दोषी है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।मुमताज बानो ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को वह रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में एक निजी बैठक में शामिल होने गई थीं। बैठक से लौटते समय एक फोर व्हीलर वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें प्रभात हॉस्पिटल, भूलनपुर में भर्ती कराया, जहां उनके पैर में 12 टांके लगे और फिलहाल पैर में प्लास्टर लगा हुआ है।

उन्होंने बताया कि वाहन नंबर की पहचान हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मुमताज बानो का आरोप है कि मामले को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना राजनीति से जुड़ी साजिश हो सकती है और उनकी जान पर हमला किया गया है।भाजपा नेत्री ने सवाल उठाया कि जब एक भाजपा पदाधिकारी को न्याय नहीं मिल पा रहा, तो आम जनता की स्थिति क्या होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराध मुक्त प्रदेश के संकल्प का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर कार्रवाई न होना चिंता का विषय है।करीब डेढ़ महीने बाद मजबूरी में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची मुमताज बानो ने कहा कि उनके पैर में अभी भी टांके और प्लास्टर लगे हैं, लेकिन न्याय की उम्मीद में वह अधिकारियों के पास आई हैं।इस मामले पर पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post