शिवपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पिसौर में प्रिंसिपल पर कक्षा चार में पढ़ने वाली चार छात्राओं के साथ छेड़खानी का गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्राओं को अश्लील वीडियो भी दिखाए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया।बताया जा रहा है कि घटना शनिवार की है, लेकिन रविवार को विद्यालय बंद होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार को विद्यालय खुलते ही गुस्साए ग्रामीण एकजुट हो गए और आरोपित प्रिंसिपल को पकड़कर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कक्ष में बंद कर दिया। ग्रामीण नारेबाजी करते हुए आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। इस दौरान कुछ ग्रामीण हाथों में चप्पल की माला लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एसीपी कैंट नितिन तनेजा, एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी रोहनिया राजू कुमार ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने और विद्यालय परिसर खाली करने की अपील की। मौके पर एसडीएम सदर और खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने माइक के माध्यम से लोगों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस द्वारा मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आरोपित के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।इस घटना से स्थानीय समुदाय में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह की घटनाएं किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

.jpeg)