वाराणसी।शहर की प्रसिद्ध दाल मंडी में अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यापारी ने प्रशासनिक कार्रवाई से आहत होकर अपनी ही दुकान में आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यापारी ने पहले दुकान पर पेट्रोल छिड़का और फिर खुद पर भी पेट्रोल डाल लिया।घटना उस वक्त हुई जब इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत बुलडोजर चलना शुरू हुआ। प्रशासन की टीम के पहुंचते ही व्यापारी भावुक हो गया और कार्रवाई रोकने की गुहार लगाने लगा। आसपास मौजूद लोग रोते-बिलखते और हाथ जोड़कर उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने आग लगा दी।
आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घटना के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन पर बिना पर्याप्त सुनवाई के कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी।पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज भी खंगाली जा रही है।

.jpeg)