बम से उड़ाने की धमकी से दहली कचहरी, बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा

कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। देर रात करीब 1:30 बजे जिला जज को ई-मेल के जरिए धमकी भरा संदेश मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।धमकी की सूचना पर डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार फोर्स और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कैंट थाना पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

*बार पदाधिकारियों की बैठक, वकीलों में दहशत*

ई-मेल की जानकारी मिलते ही बार पदाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई। सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम के अनुसार जिला जज ने दोनों बार के अध्यक्ष और महामंत्री को अपने चैंबर में बुलाकर स्थिति से अवगत कराया। एहतियातन कई मामलों में तारीख दी गई और अधिवक्ताओं से परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया।
धमकी के बाद अधिवक्ताओं ने भी अपने-अपने चैंबर और आसपास के संदिग्ध सामानों की जांच शुरू कर दी। धीरे-धीरे वकील और कर्मचारी परिसर छोड़कर घर लौटने लगे। पूरे परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।

*साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच*

धमकी भरे ई-मेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी दक्षिण भारतीय व्यक्ति के नाम से यह ई-मेल भेजा गया है। हालांकि पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

*पूर्व में भी हो चुका है हमला*

गौरतलब है कि 3 नवंबर 2007 को कचहरी परिसर में हुए सीरियल ब्लास्ट में तीन अधिवक्ताओं समेत 9 लोगों की मौत हुई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस प्रशासन इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

*दोपहर तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला*

दोपहर तक चलाए गए सघन तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस प्रशासन ने आमजन और अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


Post a Comment

Previous Post Next Post