डोमराजा परिवार के सदस्य विश्वनाथ चौधरी एवं काशी करवट के अजय शर्मा ने मसाने की होली की परंपरा का विरोध करते हुए अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने प्रशासन से इस आयोजन पर अविलंब रोक लगाने की मांग की।विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि यदि भारी भीड़ मसान घाट पर पहुंचती है और चिता भस्म की होली खेली जाती है, तो यह प्रशासन की लापरवाही मानी जाएगी। उनका कहना था कि इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बाधित होती है और शोकाकुल परिवारों की भावनाएं आहत होती हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो डोम परिवार संबंधित दिन चिता में अग्नि देना बंद कर विरोध प्रकट करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।अजय शर्मा ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु ठोस कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अमर्यादित आचरण स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।

