वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल द्वारा संयुक्त रूप से थाना रोहनिया के नव-निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजन-अर्चन कर शिलापट्ट का अनावरण किया गया।गौरतलब है कि थाना रोहनिया का पुराना भवन अत्यंत जर्जर एवं अनुपयुक्त हो चुका था। उसे ध्वस्त कर लगभग ₹10 करोड़ की लागत से आधुनिक G+2 मॉडल पर नए थाना भवन एवं एसीपी कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को 08 माह की निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे क्षेत्र की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित हो सके।
नवीन थाना भवन में महिला हेल्प डेस्क, जन शिकायत कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, एसीपी कार्यालय, आधुनिक अभिलेख कक्ष एवं डिजिटल कार्य प्रणाली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आगन्तुकों के लिए सुविधाजनक प्रतीक्षालय एवं कैफेटेरिया की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं जन-अनुकूल वातावरण प्राप्त हो सके तथा पुलिस-जन संवाद में पारदर्शिता को बढ़ावा मिले।कमिश्नरेट वाराणसी में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण के अंतर्गत कुल 05 नए थानों—फूलपुर, लालपुर-पांडेयपुर, शिवपुर, बड़ागांव एवं मिर्जामुराद—का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें से 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन परिसर में 196 टाइप-2 एवं 96 टाइप-1 आवासों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिससे पुलिस बल को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

