पूर्वांचल की सबसे बड़ी कचहरी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। 21 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब जिला एवं सत्र न्यायालय वाराणसी को निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है। इस बार एक अधिवक्ता के मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर कचहरी परिसर को उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
अधिवक्ता के मोबाइल पर आया धमकी भरा SMS
जानकारी के अनुसार, पूर्व बार काउंसिल ऑफ इंडिया सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा गया, जिसमें लिखा था— “बनारस कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी।”मैसेज मिलते ही त्रिपाठी ने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों और न्यायालय प्रशासन को दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ संदेश
धमकी भरा यह मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि श्रीनाथ त्रिपाठी ने भी इसे अपने फेसबुक अकाउंट से साझा किया है। लगातार मिल रही धमकियों से अधिवक्ताओं और वादकारियों में दहशत का माहौल है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, चल रहा सघन तलाशी अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता कचहरी परिसर में सघन जांच अभियान चला रहा है। न्यायालय परिसर के मुख्य द्वारों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने अधिवक्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
संवेदनशील मामलों से जुड़ा है नाम
गौरतलब है कि श्रीनाथ त्रिपाठी वर्तमान में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े चर्चित प्रकरण में अधिवक्ता की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि धमकी का संबंध किसी विशेष मुकदमे से तो नहीं है।श्रीनाथ त्रिपाठी, पूर्व सदस्य बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने कहा “लगातार मिल रही धमकियों से चिंता का माहौल है। हमने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।”पुलिस ने अज्ञात नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।आलोक प्रियदर्शी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) ने कहा कि “धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे परिसर की जांच की जा रही है। मैसेज भेजने वाले नंबर की जांच साइबर सेल कर रही है।”

