यातायात पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, राज्यपाल के आगमन को लेकर 26 फरवरी को कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

उत्तर प्रदेश की मा० राज्यपाल महोदया के 26 फरवरी 2026 को वाराणसी आगमन/भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 26 फरवरी को प्रातः 06:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्जन लागू रहेगा।

सामनेघाट व रामनगर मार्ग पर रहेगा प्रतिबंध

26 फरवरी को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक सामनेघाट पुल पर मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा। इसी अवधि में पीएसी लिराहा से रामनगर चौराहा तथा टेंगरा मोड़ से रामनगर चौराहा की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को पंचवटी तिराहा एवं लंका मैदान मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान प्रमुख शहर मार्गों पर डायवर्जन

वीवीआईपी आगमन/प्रस्थान के समय निम्न व्यवस्थाएं लागू रहेंगी—

भोजूबीर तिराहा से दैत्रावीर तिराहा व जेपी मेहता तिराहा की ओर यातायात बंद रहेगा, वाहन अर्दली बाजार की ओर भेजे जाएंगे।

गोलघर कचहरी से दैत्रावीर तिराहा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

जेपी मेहता तिराहा से भोजूबीर व दैत्रावीर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे, इन्हें सेंट्रल जेल रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

अंबेडकर चौराहा से गोलघर कचहरी की ओर यातायात रोका जाएगा।

पुलिस लाइन चौराहा से कचहरी व पांडेयपुर की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

हिमांशु मोड़, ताड़ीखाना तिराहा एवं पांडेयपुर ओवरब्रिज से पुलिस लाइन की ओर यातायात बंद रहेगा।

बीएचयू और सामनेघाट क्षेत्र में विशेष व्यवस्था

बीएचयू चौराहा से भगवानपुर मोड़ की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।

भगवानपुर मोड़ से ट्रामा सेंटर तथा ट्रामा सेंटर से सामनेघाट की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

सामनेघाट पुल से शास्त्री चौक (रामनगर) की ओर तथा रामनगर चौराहा से टेंगरा मोड़/शास्त्री चौक की ओर आवागमन रोका जाएगा।

नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा जारी एडवाइजरी का पालन करें।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post