ईश्वरगंगी स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते हुए बेलपत्र, फल-फूल, मिष्ठान और धतूरा अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।मंदिर को विशेष रूप से फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। दिनभर रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और शिव स्तुति का क्रम चलता रहा। शाम को हुई महाआरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।
मंदिर के महंत मधुर कृष्ण महाराज ने महाशिवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन भगवान शिव की उपासना, उपवास और रात्रि-जागरण का विशेष फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति से किया गया जलाभिषेक व्यक्ति के जीवन से कष्टों का निवारण कर सुख-शांति प्रदान करता है।महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर जागेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था ने एक बार फिर काशी की सनातन धार्मिक परंपरा को जीवंत कर दिया।

