महाशिवरात्रि पर बाबा मशाननाथ सेवा समिति की अनूठी सेवा, शिवभक्तों को बांटी गई ठंडई और प्रसाद

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी काशी भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आई। इस शुभ अवसर पर बाबा मशाननाथ मंदिर सेवा समिति द्वारा विशेष सेवा कार्य करते हुए बाबा को पारंपरिक विधि-विधान से ठंडई अर्पित की गई। इसके उपरांत काशी में आए शिवभक्तों एवं पंचकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं ठंडई का वितरण किया गया।महाशिवरात्रि के अवसर पर दूर-दराज से आए श्रद्धालु काशी की पवित्र धरती पर नंगे पांव पंचकोसी यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में सेवा समिति द्वारा की गई यह पहल भक्तों के लिए विशेष आकर्षण और राहत का केंद्र बनी रही। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सेवा को प्राथमिकता दी गई है, ताकि बाबा के भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रसाद और ठंडई वितरण के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि काशी में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सेवा ही सच्ची शिवभक्ति है और इसी भाव से यह आयोजन किया गया।महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर काशी में आस्था, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां भक्तिभाव के साथ समाजसेवा की मिसाल भी प्रस्तुत की गई।




Post a Comment

Previous Post Next Post