स्वयं कैलाश सी प्रतीत हो रही काशी-महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर दिव्य आभा में नहाया श्री काशी विश्वनाथ धाम

महाशिवरात्रि के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर काशी नगरी पूर्णतः शिवमय हो उठी। विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ धाम को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और सुगंधित पुष्पों से भव्य रूप में सजाया गया है। धाम की अद्भुत छटा देखते ही बन रही है, जो हर आने वाले श्रद्धालु का मन मोह ले रही है।धाम परिसर को विशेष रूप से फूलों की झालरों, बेलपत्र और रुद्राक्ष की थीम पर सजाया गया है। मुख्य मंदिर शिखर से लेकर कॉरिडोर तक सुनहरी एवं नीली रोशनी की आभा अलौकिक वातावरण का निर्माण कर रही है। रात होते ही पूरा परिसर जगमगा उठा, मानो स्वयं बाबा विश्वनाथ अपने भक्तों के स्वागत हेतु सुसज्जित हों।

महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रवेश एवं निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं।घंटा-घड़ियाल और “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण धाम क्षेत्र गूंजायमान है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन हेतु उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन एवं रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। इसी क्रम में धाम में विशेष पूजन, अभिषेक एवं रात्रि जागरण की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post