यूपी में पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी, अप्रैल–जुलाई के बीच होंगे चुनाव: ओपी राजभर

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पंचायत चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और चुनाव अपने निर्धारित समय पर कराए जाएंगे।वाराणसी दौरे पर पहुंचे मंत्री ओपी राजभर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंचायत चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 

उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए इस्तेमाल होने वाले बैलेट पेपर जिलों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि सरकार चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर है।मंत्री राजभर ने जानकारी दी कि प्रदेश में मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी की जाएगी। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया तेज़ हो जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि पंचायत चुनाव अप्रैल से जुलाई के बीच कराए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न कराना है, ताकि ग्रामीण स्तर पर लोकतंत्र को और मजबूत किया जा सके। 

प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।गौरतलब है कि पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में लगातार चर्चाएं चल रही थीं। मंत्री के इस बयान के बाद चुनाव की तारीखों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। अब सभी की निगाहें राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post