बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में राहत नहीं मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को जेल में सरेंडर करने वाले राजपाल यादव की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट कहा कि उन्हें जेल इसलिए जाना पड़ा क्योंकि उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया।कोर्ट ने राजपाल यादव से सवाल किया कि वे सजा को रद्द करने की मांग क्यों कर रहे हैं, जबकि उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उन्होंने पैसे उधार लिए थे और उन्हें लौटाने का वादा किया था। अदालत ने कहा कि ऐसे में सजा पर रोक लगाने की मांग का आधार स्पष्ट होना चाहिए।राजपाल यादव के वकील ने दलील दी कि अभिनेता ने पहले ही कोर्ट में कहा था कि वह मामले को सुलझाना चाहते हैं। वकील के अनुसार, फिल्म में लगाए गए 5 करोड़ रुपये में से अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि चुकाई जा चुकी है और बाकी रकम भी लौटाने की मंशा है।
हालांकि कोर्ट ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि वर्षों तक भुगतान न करने के बाद अब मामला दोबारा क्यों खोला जा रहा है। अदालत ने टिप्पणी की कि राजपाल यादव को पहले ही 25 से 30 अवसर दिए गए थे, लेकिन उन्होंने पूर्व आदेशों का पालन नहीं किया, जिस कारण उन्हें जेल जाना पड़ा। कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि वे शेष रकम जमा करने के लिए तैयार हैं, तभी आगे सुनवाई जारी रखी जाएगी। अब इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।इस बीच राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों द्वारा मिल रहे सहयोग पर आभार जताया है। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि कई सेलेब्रिटी उनके परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं और उन्होंने सभी का धन्यवाद किया है।राजपाल यादव इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं और मामला अब भी अदालत में विचाराधीन है।

.jpeg)