भारत–अमेरिका कृषि समझौते के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय लखनऊ के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने “मेरा खेत, मेरा अधिकार” के नारे लगाए और सरकार से समझौते को वापस लेने की मांग की।किसान बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और जिलाधिकारी विशाख जी. से मुलाकात कर केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपने की मांग करते रहे। किसानों का कहना था कि वे दूर-दराज के गांवों से यहां तक आए हैं और जब तक डीएम को ज्ञापन नहीं सौंप देंगे, तब तक वापस नहीं लौटेंगे।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि भारत–अमेरिका कृषि समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे देश के छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका पर खतरा पैदा हो सकता है। उनका कहना था कि यह समझौता कॉरपोरेट को फायदा पहुंचाने और किसानों को नुकसान पहुंचाने वाला है।धरने के दौरान किसानों ने प्रशासन से जल्द उनकी बात सुने जाने और उनकी मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की। काफी देर तक जिलाधिकारी के बाहर इंतजार करने के बाद भी किसान अपने ज्ञापन को सौंपने पर अड़े रहे।फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
.jpeg)