आगरा जिले के किरावली थाना क्षेत्र के जाजऊ गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पुलिस ने श्मशान घाट पर जलती चिता से एक युवती का शव बाहर निकलवाया। युवती बीते पांच वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मृतका मुस्लिम धर्म की थी, जबकि युवक हिंदू बताया जा रहा है।मृतका की पहचान सना (21) के रूप में हुई है। वह किरावली निवासी निजाम की बेटी थी और पिछले पांच वर्षों से अजीत सिंह के साथ जाजऊ गांव में रह रही थी। अजीत सिंह फाइनेंस का काम करता है और मृतका के घर पहले उसका आना-जाना था।युवती के पिता निजाम ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की स्वाभाविक मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि करीब पांच साल पहले, जब सना नाबालिग थी, तब आरोपी अजीत सिंह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। इसके बाद दोनों लिव-इन में रहने लगे। पिता का दावा है कि बाद में अजीत सिंह ने सना का धर्म परिवर्तन भी कराया और उसके साथ मारपीट व उत्पीड़न करता था।
करीब तीन बजे सना की मौत हो गई। आरोप है कि अजीत सिंह ने परिजनों को सूचना दिए बिना ग्रामीणों की मदद से युवती के शव को श्मशान घाट ले जाकर चोरी-छिपे अंतिम संस्कार करने की कोशिश की। इसी दौरान सना के परिजनों ने पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए सूचना दे दी।सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस श्मशान घाट पहुंची, तब चिता जल रही थी। पुलिस ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और युवती के शव को चिता से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।पुलिस ने आरोपी अजीत सिंह को मौके से हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले की जांच जारी है, जबकि युवती के परिजन हत्या की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

.jpeg)