अलीगढ़ में पत्नी की हत्या कर दामाद ने की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद बना वजह

अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र के धौरी गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका की पहचान शिवानी (24) के रूप में हुई है, जो धौरी गांव निवासी मनीष कुमार की बेटी थी। शिवानी की शादी चार साल पहले दिल्ली के मजनू टीला निवासी सुनील (26) से हुई थी। सुनील दिल्ली में मोबाइल रिपेयरिंग और रिटेल बिक्री का कार्य करता था।परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ महीने पहले शिवानी का अपनी सास से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर करीब चार महीने पहले मायके आकर रहने लगी थी।

बताया जा रहा है कि शिवानी के ममेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए सुनील दिल्ली से अलीगढ़ आया था। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। इस दौरान सुनील ने पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिस पर परिजनों ने उसे सबके सामने फटकार लगाई। इससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया था।शादी निपटने के बाद शिवानी मायके पहुंची, जबकि सुनील पहले ही वहां आ चुका था। रात में दोनों एक ही कमरे में ठहरे थे। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया।अंदर का मंजर देखकर परिवार के होश उड़ गए। सुनील का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि शिवानी का शव बेड पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि युवक ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे पारिवारिक तनाव और हालिया विवाद को कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post