STF ने कोडीन सिरप के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का किया भंडाफोड़, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने वाराणसी में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। STF ने हरहुआ रिंग रोड के पास से अमित कुमार यादव को गिरफ्तार किया, जो कोडीन युक्त कफ सिरप (फेन्सेडिल) की अवैध सप्लाई के सिंडिकेट का अहम सदस्य बताया जा रहा है।

 *फर्म की आड़ में चल रहा था काला कारोबार* 

जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी फर्म ‘जी.एल. सर्जिकल’ की आड़ में अब तक करीब एक लाख बोतल नशीली कफ सिरप की अवैध सप्लाई कर चुका है। यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश तक फैला हुआ था। एसटीएफ को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद सर्विलांस और गोपनीय जांच के आधार पर यह सटीक कार्रवाई की गई।

 *चौंकाने वाला आपराधिक प्रोफाइल* 

गिरफ्तार आरोपी का प्रोफाइल भी चौंकाने वाला है। वह पूर्व में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुका है और एक प्रमुख राजनीतिक दल की युवजन सभा में प्रदेश सचिव पद पर भी कार्य कर चुका है। इसके अलावा हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में पहले से नामजद बताया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से एक आईफोन और नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस अब उसके बैंक खातों, सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

 *सिंडिकेट में मचा हड़कंप* 

STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से नशीली दवाओं के इस बड़े सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मानी जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post