कैंट क्षेत्र में दो वर्षों से सीवर जाम, गंदे पानी में उतरकर लोगों ने जताया विरोध

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बुनियादी सुविधाओं को लेकर नाराज़गी सामने आई है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के एक वार्ड में पिछले करीब दो वर्षों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। गलियों और सड़कों पर गंदा पानी बहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए हालात बेहद कठिन हो गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। अगले माह पवित्र रमजान शुरू होने वाला है, ऐसे में सीवर का गंदा पानी न सिर्फ स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचा रहा है।

इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को क्षेत्रीय जनता ने सीवर के गंदे पानी में उतरकर नगर निगम, स्थानीय विधायक, मेयर, सांसद और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से एक ही परिवार के विधायक होने के बावजूद बुनियादी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी से संबद्ध बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सीवर की सफाई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति के लिए जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post