महाशिवरात्रि पर्व को लेकर काशी विश्वनाथ धाम के बाहर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मजदूरों द्वारा मैदागिन से चौक, बांस फाटक से दशाश्वमेध तक स्टील की बैरिकेडिंग लगाई जा रही है, ताकि शिवभक्त सुगमतापूर्वक बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर सकें।प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था पहले से की जा रही है।
हालांकि, बैरिकेडिंग को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि पांच दिन पहले से बैरिकेडिंग लगने के कारण दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार में नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कोई ऐसा विकल्प निकाला जाए, जिसमें दिन में बैरिकेडिंग हटाई जा सके या शाम को अस्थायी रूप से हटाकर आवागमन सुचारु किया जाए, ताकि शिव बारात देखने आने वाले लोग भी आराम से दर्शन और खरीदारी कर सकें।शहर में एक ओर जहां शिवभक्तों में उत्साह का माहौल है, वहीं व्यापारियों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्याओं का भी समाधान करेगा, जिससे पर्व की भव्यता और व्यापार दोनों संतुलित रह सकें।

.jpeg)