लखनऊ में ट्रेन से कटकर दो सहेलियों की मौत, मायके आई नवविवाहिता भी शामिल

लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मनकोटी गांव के पास बेलवा रेलवे फाटक के समीप ट्रेन की चपेट में आने से दो सहेलियों की मौत हो गई। दोनों युवतियों के शव कुछ ही देर बाद रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिले, जिससे गांव में शोक और सनसनी फैल गई।मृतक युवतियों की पहचान 20 वर्षीय शशि पुत्री अशर्फी लाल और 23 वर्षीय नीतू पुत्री बुद्धा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतू की शादी छह महीने पहले ही हुई थी और वह आज ही सुबह अपने मायके आई थी। मायके पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह अपनी बचपन की सहेली शशि के साथ घर से निकली थी।ग्रामीणों के अनुसार, दोनों सहेलियां बचपन से ही हर समय साथ रहती थीं। सुबह भी वे दोनों एक साथ घर से निकली थीं, लेकिन कुछ समय बाद उनकी मौत की खबर गांव पहुंची। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक, घटना मनकोटी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर हुई। शशि की टांग कटकर अलग गिर गई, जबकि नीतू के सिर में गंभीर चोट आई थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।नीतू के पति इशू चंडीगढ़ में रहकर काम करते हैं। उनकी शादी उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के धनियाखेड़ा गांव में हुई थी। नीतू के मायके आने के बाद ही यह हादसा हुआ, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा या आत्महत्या, दोनों की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह सुसाइड का मामला तो नहीं।शशि के भाई विनोद ने बताया कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था। उन्होंने कहा, "मैं काम पर गया था, बाद में पता चला कि ट्रेन से दो लड़कियां कट गई हैं। जब मौके पर पहुंचा, तो बहन शशि की पहचान हुई। समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों हुआ।"फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या आत्महत्या।





Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post