चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर मां विंध्यवासिनी मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि नवरात्र के पूरे समय मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे, जिससे लाखों भक्तों को अधिक समय तक दर्शन का अवसर मिल सके।हालांकि, प्रतिदिन होने वाली चार प्रमुख आरतियों के दौरान कुल चार घंटे के लिए कपाट बंद रहेंगे। इसके अलावा पूरे 20 घंटे श्रद्धालु निर्बाध रूप से माता के दर्शन कर सकेंगे।श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि इस बार नवरात्र में मां का दोपहर और रात्रि शयन नहीं होगा। इसका सीधा लाभ श्रद्धालुओं को मिलेगा, क्योंकि उन्हें लगातार दर्शन का अवसर मिलेगा। केवल आरती और शृंगार के समय ही मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। आरती का समय इस प्रकार रहेगा:
• मंगला आरती: सुबह 3:00 – 4:00 बजे
• राजश्री आरती: दोपहर 12:00 – 1:00 बजे
• संध्या आरती: शाम 7:00 – 8:00 बजे
• बड़ी आरती: रात 9:30 – 10:30 बजे
इन चारों समयों में ही मंदिर के कपाट बंद रहेंगे।नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पूरी तरह सक्रिय है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न हो।

