वाराणसी। गंगोत्री विहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब गोपाल सिंह की बुलेट बाइक उनके घर के सामने से ही चोरी हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनीवासियों में आक्रोश फैल गया।बताया जा रहा है कि बाइक घर के बाहर खड़ी थी, तभी अज्ञात चोर उसे लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी के पास गंगा किनारे दोपहर से ही बाहरी लोगों का जमावड़ा लग जाता है। शाम करीब 6 बजे से रात 10 बजे तक कुछ लोग वहां बैठकर नशा भी करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। बावजूद इसके पुलिस की गश्त न के बराबर है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार थाने पर शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।इधर, पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सक्रियता दिखाई और कुछ ही समय में चोरी हुई बुलेट बाइक को बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

