मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां की आरती उतारी और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं नागरिकों के स्वस्थ जीवन की कामना की।मुख्यमंत्री ने मां को लाल चुनरी अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की तथा मंदिर की परिक्रमा भी की। इस दौरान उन्होंने आगामी चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर परिसर और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विंध्यवासिनी कॉरिडोर का अवलोकन किया और वहां लगे स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही, बच्चों को मोबाइल के सीमित उपयोग की सलाह दी और उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्र, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

